मनोविकृति
Psychosis
Below is a Hindi translation of our information resource on psychosis. You can also view our other Hindi translations.
मनोविकृति शब्द का उपयोग यह बताने के लिए किया जाता है कि जब किसी व्यक्ति के विचार और भावनाएँ इतनी नाटकीय रूप से बदल जाती हैं कि वे अपने लक्षणों को वास्तविकता से अलग करने में सक्षम नहीं होते हैं। यह जानकारी मनोविकृति के बारे में है। इसमें बताया गया है कि मनोविकृति क्या है, ऐसा क्यों होता है, इसका इलाज कैसे किया जाता है, और यह अन्य मानसिक और शारीरिक बीमारियों से कैसे संबंधित है।
मनोविकृति क्या है?
मनोविकृति शब्द का उपयोग लक्षणों के समूह का वर्णन करने के लिए किया जाता है। जब किसी को मनोविकृति का अनुभव हो रहा होता है, तो उसके विचार और भावनाएँ इतनी नाटकीय रूप से बदल जाती हैं कि उसे यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि वास्तविक क्या है और क्या नहीं।
मनोविकृति कई लोगों की सोच से कहीं अधिक सामान्य है, और इसका अनुभव करने वाले व्यक्ति के लिए अत्यधिक भयावह हो सकती है और उसके आसपास के लोगों के लिए तकलीफ़देह हो सकती है। हालाँकि, सहायता और समर्थन उपलब्ध है।
मनोविकृति के लक्षण क्या हैं?
भ्रम
भ्रम आपके विश्वास हैं जो आपके लिए बहुत वास्तविक हैं। हालाँकि, शायद उन्हें अन्य लोगों जैसे कि आपके दोस्तों और परिवार के साथ साझा नहीं किया जाएगा या उन लोगों के लिए उनके कोई मायने नहीं होंगे। इन भ्रम में यह दृढ़ विश्वास हो सकता है कि:
- आप वास्तविकता से कही ज़्यादा शक्तिशाली, महत्त्वपूर्ण, अमीर या प्रसिद्ध व्यक्ति हैं। उदाहरण के लिए, आप सोच सकते हैं कि आप शाही परिवार के सदस्य हैं।
- चीजें आपसे और आपके जीवन से जुड़ी हुई हैं। उदाहरण के लिए, आप सोच सकते हैं कि टीवी या रेडियो पर मौजूद लोग आपसे बात कर रहे हैं या आपको संदेश भेज रहे हैं जो केवल आपके लिए हैं।
- आप पर नजर रखी जा रही है, नुकसान पहुँचाया जा रहा है या लोग आपके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, आपको लग सकता है कि सरकार आपके फोन कॉल सुन रही है।
आप अन्य लोगों के साथ इन विश्वासों को व्यक्त कर सकते हैं या उनके बारे में बात कर सकते हैं। या आप ऐसी चीजें कर सकते हैं जो इन विश्वासों से संबंधित हों, जैसे कि उन लोगों से छिपना जिनके बारे में आपको लगता है कि वे आपको चोट पहुँचा रहे हैं।
इन विश्वासों को आपके धर्म या संस्कृति द्वारा आसानी से समझाया नहीं जाएगा।
विभ्रम
विभ्रम तब होता है जब आप ऐसी चीजों का अनुभव करते हैं जो दूसरे लोग नहीं कर सकते। इसका मतलब उन चीजों को सुनना, देखना, महसूस करना, सूंघना या चखना हो सकता है जो वहाँ नहीं हैं।
विभ्रम का सबसे समान्य प्रकार श्रवण विभ्रम है। इसमें आपको ऐसी ध्वनि, आवाज़ या आवाज़ें सुनाई देती हैं जिन्हें दूसरे नहीं सुन सकते। ये आवाज़ें आम तौर पर ऐसी महसूस होती हैं जैसे कोई आपके कान में बात कर रहा हो, आपके पीछे से, या दूर से, न कि आपके सिर के अंदर से। कभी-कभी आवाज़ें आपसे सीधे बात कर सकती हैं, या वे आपस में आपके बारे में बात कर सकती हैं। या वे दोनों तरह से आपसे बात कर सकती हैं।
आपको अनुभव हो सकता है कि आपके विचारों को ऊँची आवाज़ में 'प्रसारित' किया जा रहा है, और आपको ऐसा विश्वास हो सकता है कि दूसरे उन्हें सुन सकते हैं।
कभी-कभी भ्रम आपके विभ्रम को 'समझाने' में मदद करेंगे। उदाहरण के लिए, यदि आप अपने बारे में बात करते हुए आवाज़ें सुन सकते(ती) हैं, तो आपको भ्रम हो सकता है कि आपके पड़ोसी आपके खिलाफ साजिश रच रहे हैं, और ये वे आवाजें हैं जिन्हें आप सुन सकते(ती) हैं।
श्रवण विभ्रम अलग-अलग लोगों को अलग-अलग लग सकता है। कुछ लोगों को ऐसी आवाजें सुनाई देती हैं जो डरावनी, डराने वाली या परेशान करने वाली होती हैं। अन्य लोगों को ऐसी आवाज़ें सुनाई देती हैं जो 'तटस्थ' होती हैं, और कुछ लोगों को ऐसी आवाज़ें भी सुनाई देती हैं जो सुकून देने वाली या आश्वस्त करने वाली होती हैं। कुछ लोगों को तटस्थ या मैत्रीपूर्ण आवाजें सुनाई देने लगती हैं, जो समय के साथ और अधिक परेशान करने वाली या अशांत करने वाली हो जाती हैं।
अव्यवस्थित सोच
यदि आप अव्यवस्थित सोच का अनुभव कर रहे(ही) हैं:
- आपकी सोच और विचार भ्रमित हो सकते हैं और जुड़ते नहीं दिखते हैं
- अन्य लोगों को आप जो कह रहे(ही) हैं उसका पालन करने में कठिनाई हो सकती है
- कुछ मामलों में, आपका भाषण इतना भ्रमित हो सकता है कि उसका कोई मतलब ही नहीं रह जाता।
यह मानना कि आप प्रभावित या नियंत्रित हो रहे(ही) हैं
आपके मन में बहुत दृढ़ विश्वास होने लग सकते हैं कि:
- आपके विचारों, भावनाओं या कार्यों को किसी व्यक्ति या किसी चीज से प्रभावित या नियंत्रित किया जा रहा है। जैसे कि, एक माइक्रोचिप या सैटलाइट
- किसी के द्वारा या किसी अन्य चीज द्वारा आपके विचार आपके दिमाग में डाले जा रहे हैं या आपके दिमाग से निकाले जा रहे हैं
- आपके विचारों को आपके दिमाग से प्रसारित किया जा रहा है ताकि दूसरे लोग बता सकें कि वे क्या हैं
आपको अपने आस-पास के लोगों पर संदेह हो सकता है और आपके लिए दूसरों पर भरोसा करना मुश्किल हो सकता है, या आप यह मान सकते हैं कि भगवान, शैतान, आत्माओं या एलियंस जैसी बाहरी शक्तियां आपको नियंत्रित कर रही हैं।
ये अनुभव आपको वास्तविक लगेंगे, भले ही आपके आस-पास के लोग यह देख सकते हैं कि वे वास्तविक नहीं हैं।
यह ध्यान रखना महत्त्वपूर्ण है कि आपको हर समय इन लक्षणों का अनुभव होने की संभावना नहीं है। इसके बजाय, आपको अलग-अलग समय पर अलग-अलग लक्षणों का अनुभव होने की संभावना है, और ये लक्षण कई कारकों के आधार पर कम या ज़्यादा गंभीर होंगे। उदाहरण के लिए, आप भ्रम का अनुभव कर सकते(ती) हैं, फिर बाद में विभ्रम का अनुभव करना शुरू कर सकते(ती) हैं। इससे यह समझना मुश्किल हो सकता है कि आप अस्वस्थ हैं।
जब आपको मनोविकृति का अनुभव हो रहा होता है, तो आपको यह एहसास करना भी मुश्किल हो सकता है कि आपको ऊपर वर्णित लक्षणों का अनुभव हो रहा है। दुर्भाग्य से इस कारण मदद लेना मुश्किल हो सकता है।
भ्रम को वास्तविकता से अलग करना
अन्य लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि आपको भ्रम का अनुभव हो रहा है। यह विशेष रूप से तब होता है जब आपके जीवन में ऐसी चीजें हों जो आपके भ्रम से जुड़ती हैं, या यदि आपके भ्रम वास्तविक चीजों पर आधारित हैं। उदाहरण के लिए:
धर्म
यदि आप धार्मिक हैं, तो यह मानना कि आप प्रार्थना के माध्यम से परमेश्वर से बात कर सकते हैं, आपकी विश्वास प्रणाली का एक सामान्य हिस्सा हो सकता है। हालाँकि, यदि ये विश्वास अधिक तीव्र या अतिवादी होने लगते हैं, या दूसरों के साथ आपके संबंधों पर प्रभाव डालने लगते हैं, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आप अस्वस्थ हैं।
रोज़गार
दूसरों के लिए इस बात का एहसास कठिन हो सकता है कि आप भ्रम का अनुभव कर रहे हैं यदि आपके पास एक नौकरी है जो आपके भ्रम से जुड़ी है। उदाहरण के लिए, यदि आपको गोपनीय जानकारी के साथ काम करना पड़ा है, जैसे कि सरकार या सेना में, और आपको निगरानी के बारे में भ्रम है।
निजी जीवन
आपके निजी जीवन में आपके साथ कुछ ऐसा हुआ हो सकता है जिससे आपको नियंत्रित किया गया या आपकी निगरानी की गई। उदाहरण के लिए, एक अपमानजनक रिश्ते में होना। यदि आपको भ्रम हो जाता है कि आपका पीछा किया जा रहा है या आपको नियंत्रित किया जा रहा है, तो दूसरों को यह एहसास होने में अधिक समय लग सकता है कि आप अस्वस्थ हैं।
यदि आप भ्रम का अनुभव कर रहे हैं, तो आपके पास जो सोच और विचार हैं, वे सामान्य से अधिक चरम होंगे, और शायद दूसरों को अजीब या आपके स्वभाव के प्रतिकूल लगेंगे।
मनोविकृति कैसी महसूस होती है?
जिन लोगों ने मनोविकृति का अनुभव नहीं किया है, उनके लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि यह कैसी होती है। मनोविकृति के जीवंत अनुभव वाले लोग कृपया करके यहां अपने अनुभव साझा करने के लिए सहमत हुए हैं:
“मैं एक अस्पताल कार पार्क में बैठा था और मुझे ऐसा लगा जैसे मैं एक बहुत बड़े और खोखले ग्लोब के अंदर था। मैं केवल गहरे भूरे और काले जिग्सॉ के टुकड़े देख सकता था, जिसने ग्लोब को बनाया था। ये बाहर की ओर गिरने लगे और मुझे एक काली शून्यता में छोड़ दिया। मुझे डर लग रहा था। यह ऐसा था जैसे दुनिया बिखर गई हो, और यह हमारे ग्रह का अंत था।” डेबरा
“मेरे पास बंदरगाह का एक दृश्य था और मैं जहाजों के कुछ नाम लगभग बना सकती थी। मैं गहरी मनोविकृति में थी और मैंने अपना हाथ खिड़की से बाहर रख दिया जैसे कि जहाजों, क्रेन और डॉक को छू रहा हो।” माइकल
“मुझे लगता था कि मुझे बहुत दर्द हो रहा है। यह कोई भ्रम नहीं था बल्कि एक संवेदी विभ्रम था — मैं वास्तव में इसे महसूस कर सकता था। दर्द तब भी मौजूद था जब मैं आवाजें सुन रहा था - इससे लगता था कि यह मेरे लक्षणों को एक और वास्तविकता दे रहा था। अक्सर मुझे एक भयावह विचार के साथ ही सिरदर्द हो जाता था।” मार्क
मनोविकृति अन्य मानसिक बीमारियों से कैसे संबंधित है?
मनोविकृति एक शब्द है जिसका उपयोग लक्षणों के क्लस्टर का वर्णन करने के लिए किया जाता है। यह एक व्यापक शब्द भी है। कई अलग-अलग स्थितियों वाले लोग मनोविकृति के लक्षणों का अनुभव कर सकते हैं, जिनमें शामिल हैं:
- सिज़ोफ़्रेनिया
- सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर
- बाइपोलर डिसऑर्डर
- अत्यधिक अवसाद
सामान्यीकृत चिंता विकार या मनोग्रसित बाध्यता विकार (OCD) जैसी अन्य मानसिक बीमारियों के कारण भी किसी व्यक्ति में मनोविकृति विकसित हो सकती है। यह स्थिति से जुड़े अत्यधिक तनाव के परिणामस्वरूप हो सकता है।
मनोविकृति तब भी हो सकती है जब कोई:
- मस्तिष्क में चोट लगी है
- शराब छोड़ रहा है
- नींद कम हो रही है
- मनोरंजक दवाएं ली हैं, जैसे कि गांजा या कोकेन
- मनोरंजक दवाएं छोड़ रहा है
- संक्रमण हुआ है, जैसे कि मूत्र संक्रमण। संक्रमण कभी-कभी डेलिरियम नामक स्थिति का कारण बन सकते हैं, जिसके कारण लोग विचलित हो सकते हैं और उनमें कभी-कभी मनोविक्षिप्त (साइकॉटिक) लक्षण विकसित हो सकते हैं। मनोविक्षिप्त (साइकॉटिक) लक्षणों में आमतौर पर सुधार होता है क्योंकि डेलिरियम के कारण का इलाज किया जाता है।
यह किसी नई या हाल ही में निर्धारित दवाई के दुष्प्रभाव के रूप में या दवाई छोड़ने पर भी हो सकता है।
कभी-कभी यह पता लगाना संभव नहीं होता है कि किसी में मनोविकृति क्यों विकसित हुई है।
मनोविकृति का अर्थ अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग चीजें होता है:
- जीवन की महत्त्वपूर्ण घटनाएँ - कभी-कभी किसी क़रीबी दोस्त या रिश्तेदार की मृत्यु जैसी महत्त्वपूर्ण या तनावपूर्ण घटना के बाद मनोविकृति हो सकती है। यदि किसी ने बचपन में दुर्व्यवहार या उपेक्षा का अनुभव किया हो, तो इसके विकसित होने की संभावना भी अधिक होती है।
- शिशु का जन्म - किसी को जन्म देने के बाद मनोविकृति हो सकती है; इसे प्रसवोत्तर मनोविकृति कहा जाता है।
- गांजा, एलएसडी, कोकीन या 'स्पीड' का उपयोग करता है। कभी-कभी अगर कोई नशीले पदार्थ या अल्कोहल का उपयोग करना बंद कर देता है तो उनकी मनोविकृति में सुधार होगा। हालांकि, कभी-कभी दवाओं और मनोविकृति के बीच संबंध अधिक जटिल होता है। यदि आप नशीले पदार्थ का उपयोग कर रहे हैं, तो अपने इलाज करने वाले लोगों से बात करें कि आपको रोकने के लिए मदद कैसे मिल सकती है।
- जब किसी को मूड डिसऑर्डर होता है - मनोविकृति तब हो सकती है जब किसी को गंभीर अवसादग्रस्तता प्रकरण होता है या पागलपन का दौरा पड़ता है।
- नींद की कमी - नींद की अत्यधिक कमी मनोविकृति का कारण बन सकती है।
यह ध्यान रखना महत्त्वपूर्ण है कि अधिकांश लोग तनाव का अनुभव करेंगे, दवाओं का उपयोग करेंगे या जन्म देंगे और कभी भी मनोविकृति विकसित नहीं करेंगे। कभी-कभी मनोविकृति बिना किसी स्पष्ट कारण के होती है। यह याद रखना महत्त्वपूर्ण है कि जो भी कारण हो, यदि आप मनोविकृति विकसित करते हैं, तो यह आपकी गलती नहीं है।
यदि यह आपके इलाज में मदद कर सकता है, तो हो सकता है कि आपके डॉक्टर यह पता लगाना चाहें कि आपको मनोविकृति किस वजह से हुई है। उदाहरण के लिए, यदि आप नशीले पदार्थ ले रहे हैं, तो नशीले पदार्थ लेने से रोकने में आपकी मदद करना आपके बेहतर होने का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। हालांकि, यदि आप इससे निपटने के लिए नशीले पदार्थ या अल्कोहल का उपयोग कर रहे हैं, तो इस कारण आपको मनोविकृति के लिए समय पर, साक्ष्य-आधारित उपचार प्राप्त करने से नहीं रोकना चाहिए।
अगर मुझे लगता है कि मैं मनोविकृति का अनुभव कर रहा हूं तो मुझे क्या करना चाहिए?
यदि आप मनोविकृति से जुड़े किसी भी लक्षण का अनुभव कर रहे हैं, तो अपने सामान्य चिकित्सक (GP) से बात करें। वे शायद आपको किसी विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य सेवा या आपके मनोविकृति सेवा में स्थानीय प्रारंभिक हस्तक्षेप के लिए संदर्भित करेंगे।
मनोविकृति सेवाओं में प्रारंभिक हस्तक्षेप
मनोविकृति सेवाओं में प्रारंभिक हस्तक्षेप (EIP) देखभाल का एक मॉडल है जिसे यह सुनिश्चित करने के लिए रखा गया था कि जो लोग मनोविकृति का अनुभव कर रहे हैं या कर सकते हैं उन्हें जल्दी से सही देखभाल मिले। यह दिखाने के लिए बहुत सारे सबूत हैं कि अगर लोगों को मनोविकृति के लिए जल्दी से मदद मिलती है, तो उनके ठीक होने और जल्दी ठीक होने की संभावना अधिक होती है।
आकलन
यदि आपको मनोविक्षिप्त लक्षण अनुभव हो रहे हैं, तो मनोविकृति में विशेषज्ञता रखने वाले एक पेशेवर को निम्नलिखित के बारे में और जानने के लिए आपका आकलन करना चाहिए:
- कुछ लोगों में मनोविकृति का केवल एक 'ऐपिसोड' होता है। इसका मतलब है कि वे मनोविकृति का अनुभव करते हैं, ठीक हो जाते हैं, और फिर कभी इसका अनुभव नहीं करते हैं।
- कुछ लोगों को जीवन भर मनोविकृति के कई ऐपिसोड होते हैं।
- इनमें से कुछ लोगों को सिज़ोफ़्रेनिया, सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर या संबंधित मानसिक विकार का निदान प्राप्त होगा। आपको मिलने वाला निदान काफी जटिल लग सकता है, और आप अपने डॉक्टर से यह पूछ सकते हैं कि आपके निदान के विभिन्न हिस्सों का क्या मतलब है।
यदि आपने मनोविकृति के एक या अधिक ऐपिसोड का अनुभव किया है और यह समझना चाहते हैं कि आपको सिज़ोफ़्रेनिया या सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर जैसी स्थिति का निदान क्यों नहीं किया गया है, तो अपने डॉक्टर से बात करें। ऐसे कारण हो सकते हैं कि आपके डॉक्टर को यह महसूस न हो कि इनमें से एक निदान आपके अनुभवों का सबसे अच्छा वर्णन करता है।
मनोविकृति क्यों होती है?
हम हमेशा नहीं जानते कि मनोविकृति किस कारण होती है। कुछ चीजें मनोविकृति के होने की अधिक संभावना बना सकती हैं, जिनमें शामिल हैं:
- आपका मानसिक स्वास्थ्य
- चाहे आप नशीले पदार्थ या अल्कोहल का उपयोग कर रहे हों या नहीं
- कोई भी दवाई जो आप ले रहे हैं
- आपकी कोई भी शारीरिक स्वास्थ्य समस्या और आपकी सामान्य शारीरिक सेहत
- आपके रिश्ते और सहायता नेटवर्क - उदाहरण के लिए, यदि आप एक देखभालकर्ता द्वारा समर्थित हैं
- अतीत में आपके साथ हुआ कोई भी दर्दनाक या कठिन अनुभव
- आपकी शिक्षा और रोज़गार का इतिहास
- आपके जीवन की सामान्य गुणवत्ता।
यह बहुत सारी जानकारी की तरह लग सकता है। हालांकि, यह आपके साथ व्यवहार करने वाले लोगों को यह समझने में मदद कर सकता है कि आप कैसे रहते हैं, ऐसी चीजें जो आपको मुश्किल लग सकती हैं, और वे सभी अलग-अलग तरीकों से आपकी मदद कर सकते हैं।
दुर्भाग्य से, यदि आप मनोविकृति के ऐपिसोड का अनुभव कर रहे हैं, तो आप यह बताने में असमर्थ हो सकते हैं कि आप अस्वस्थ हैं। इससे मदद लेना मुश्किल हो सकता है।
मनोविकृति के लिए कोई शारीरिक जांच नहीं है। इसके बजाय, आपका आकलन करने वाला व्यक्ति आपके द्वारा अनुभव किए जा रहे किसी भी लक्षण के बारे में जानने की कोशिश करेगा। इससे उन्हें सटीक निदान करने में मदद मिलेगी।
मनोविकृति का इलाज कैसे किया जाता है?
बहुत सी अलग-अलग चीजें हैं जो मनोविकृति वाले किसी व्यक्ति की मदद कर सकती हैं। ये चीजें अलग-अलग समय पर और अलग-अलग तरीकों से मददगार हो सकती हैं।
दुर्भाग्य से, इस सेक्शन में जिन सेवाओं का हम उल्लेख करते हैं उनमें से कुछ पूरे यूके में हमेशा उपलब्ध नहीं होती हैं। कुछ सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन हो सकता है कि आप उन्हें तुरंत एक्सेस न कर पाएं।
दवाई
यदि आप पहली बार मनोविकृति का अनुभव कर रहे हैं, तो आपको मनोविकृति रोधी दवा (एंटीसाइकॉटिक) नामक दवाई दी जा सकती है।
मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) कैसे काम करती हैं?
मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) आपके मस्तिष्क में विभिन्न रसायनों को प्रभावित करती हैं, विशेष रूप से एक रसायन जिसे 'डोपामाइन' कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि भ्रम और विभ्रम जैसे मनोविक्षिप्त (साइकॉटिक) लक्षण मस्तिष्क द्वारा बहुत अधिक डोपामाइन उत्पन्न करने के कारण होते हैं। मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) मस्तिष्क में डोपामाइन के स्तर को कम करके काम करते हैं, जिससे मनोविक्षिप्त (साइकॉटिक) लक्षण में सुधार या कमी हो सकती है।
मस्तिष्क के अन्य रसायनों जैसे सेरोटोनिन, नॉरएड्रेनालाईन, हिस्टामाइन और ग्लूटामेट को भी मनोविकृति में प्रभावित माना जाता है। कई मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) इन रसायनों के स्तर को भी प्रभावित करटी हैं।
क्या मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) के दुष्प्रभाव होते हैं?
सभी दवाओं के दुष्प्रभाव होते हैं, और ये व्यक्ति और दवा के प्रकार के आधार पर भिन्न हो सकते हैं। आपके डॉक्टर को उन दुष्प्रभाव के बारे में बताना चाहिए जो आपको एंटीसाइकॉटिक लेने से हो सकते हैं, और आपको अपनी दवाई की और किसी भी चिंता के बारे में चर्चा करने का अवसर देना चाहिए।
आपको एक पत्रक भी दिया जाना चाहिए जो आपके लिए अनुशंसित दवाई से जुड़े सामान्य दुष्प्रभाव के बारे में बताता है। इस पत्रक को पढ़ने के लिए समय निकालें, और यदि आपके कोई प्रश्न हैं, तो उस व्यक्ति से पूछें जो आपकी दवाई लिख रहा है।
यदि आपको ऐसा लगता है कि आप जो दवाई ले रहे(ही) हैं वह आपको अप्रिय दुष्प्रभाव दे रही है, तो अपने डॉक्टर से बात करें। उन्हें ऐसी दवाई खोजने में आपकी सहायता करनी चाहिए जो आपके लक्षणों का इलाज करती है लेकिन इससे आपको असहनीय या अप्रिय दुष्प्रभाव नहीं होते हैं। आपके डॉक्टर को मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) और इन दोनों के बीच संभावित इंटरैक्शन की सलाह देते समय आपके द्वारा ली जा रही किसी भी अन्य दवाई पर भी विचार करना चाहिए। आप BNF वेबसाइट पर दवाई के बीच परस्पर क्रिया के बारे में और पढ़ सकते(ती) हैं।
स्वास्थ्य की निगरानी
किसी भी एंटीसाइकॉटिक को शुरू करने से पहले आपको पूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य जांच की पेशकश की जानी चाहिए। इसमें शामिल होंगे:
- रक्त परीक्षण, मधुमेह और उच्च कोलेस्ट्रॉल जैसी स्थितियों की जांच करने के लिए
- शारीरिक अवलोकन (जैसे रक्तचाप, हृदय गति और तापमान)
- ऊँचाई और शरीर के वजन की जांच, और संभवतः आपके बॉडी मास इंडेक्स (BMI) की जांच
- एक ईसीजी, जो हृदय की विद्युत गतिविधि को मापता है
- धूम्रपान, शराब के सेवन और नशीली दवाओं के उपयोग के बारे में चर्चा, यदि ये आपके लिए प्रासंगिक हैं।
यह महत्त्वपूर्ण है कि आप अपने मनोविकृति के इलाज के लिए निर्धारित दवाई को लेते समय वर्ष में कम से कम एक बार शारीरिक स्वास्थ्य निगरानी परीक्षण करवाएं। ये स्वास्थ्य जांच आपके सामान्य चिकित्सक या आपकी मानसिक स्वास्थ्य टीम द्वारा की जा सकती है। अपनी मानसिक स्वास्थ्य टीम से बात करके पता करें कि आपकी शारीरिक स्वास्थ्य जाँच कौन करेगा, और यदि किसी स्वास्थ्य समस्या की पहचान की जाती है तो क्या होगा।
कुछ चीजें मनोविकृति रोधी दवाई (एंटीसाइकॉटिक्स) के साथ खतरनाक रूप से परस्पर क्रिया कर सकती हैं, जिनमें कुछ अन्य दवाई, अल्कोहल, अवैध ड्रग्स और सिगरेट शामिल हैं। यह महत्वपूर्ण है कि आप अपने डॉक्टर से बात करें:
- इससे पहले कि आप कोई अन्य दवाई लेना शुरू करें
- अगर आप शराब पी रहे(ही) हैं
- यदि आप अवैध दवाओं का उपयोग कर रहे(ही) हैं
- यदि आप बहुत अधिक कैफीन का सेवन करते हैं (विशेषकर यदि आप ऐसा कभी-कभी करते हैं लेकिन हर समय नहीं)
- यदि आप सिगरेट पीना शुरू करने, रोकने या उसमें कटौती करने का निर्णय लेते हैं। यदि आप धूम्रपान करना बंद कर देते हैं तो इससे आपके रक्त में एंटीसाइकॉटिक की मात्रा बढ़ सकती है, इसलिए आपको दवाई की कम खुराक की आवश्यकता हो सकती है। यह विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है यदि आप क्लोज़ापाइन ले रहे हैं (आप अगले भाग में क्लोज़ापाइन के बारे में अधिक पढ़ सकते हैं)।
- यदि आपको कोई संक्रमण है, तो ये आपके शरीर में दवाई के स्तर को बदल सकते हैं।
स्वास्थ्य निगरानी क्यों जरूरी है?
मनोविकृति से पीड़ित लोग खराब शारीरिक स्वास्थ्य, विशेष रूप से हृदय स्वास्थ्य का अनुभव कर सकते हैं, यही कारण है कि इसकी सावधानीपूर्वक निगरानी करने की आवश्यकता है। आपका डॉक्टर आपको जीवनशैली में बदलाव करने, अपनी दवाई को अलग तरीके से प्रबंधित करने या कुछ दुष्प्रभाव (जैसे वजन बढ़ने) को रोकने के लिए अतिरिक्त दवाएं लेने की सलाह दे सकते हैं, अगर यह आपके शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
मुझे कौन सा एंटीसाइकॉटिक (मनोविकृति रोधी दवा) दवा दी जाएगी?
कई अलग-अलग तरह की एंटीसाइकॉटिक दवा हैं। क्लोज़ापाइन के अलावा सभी एंटीसाइकॉटिक दवा को लगातार समान रूप से प्रभावी दिखाया गया है, जिसे अधिक प्रभावी दिखाया गया है। एक एंटीसाइकॉटिक से दूसरे एंटीसाइकॉटिक में क्या अंतर होता है, यह है कि उन्हें लेते समय लोगों को किस प्रकार के दुष्प्रभाव मिलते हैं, और ये कितने गंभीर होते हैं।
आपको कुछ मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) न लेने की सलाह दी जा सकती है यदि आप:
- गर्भवती होने में सक्षम हैं
- कोई अन्य दवा ले रहे हैं
- मधुमेह या उच्च रक्तचाप जैसी कुछ अन्य स्वास्थ्य दशा हैं।
आपके डॉक्टर को इन सभी बातों पर विचार करना चाहिए, और आपके लिए सबसे अच्छा काम करने वाले एंटीसाइकॉटिक का चयन करने के लिए आपके साथ साझेदारी में काम करना चाहिए।
क्लोज़ापाइन
क्लोज़ापाइन एकमात्र मनोविकृति रोधी दवा (एंटीसाइकॉटिक्स) है जिसके बारे में लगातार शोध अध्ययनों में यह पता चला है कि उन लोगों में काम करती है जहां अन्य मनोविकृति रोधी दवाओं (एंटीसाइकॉटिक्स) ने अच्छी तरह से काम नहीं किया है। आपके डॉक्टर आपको क्लोज़ापाइन लेने की सलाह दे सकते हैं यदि:
- आपने कम से कम कई हफ्तों तक कम से कम दो अलग-अलग एंटीसाइकॉटिक दवाएँ ली हैं और
- आप मनोविक्षिप्त (साइकॉटिक) लक्षणों से परेशान हो रहे हैं।
यदि आप क्लोज़ापाइन लेना शुरू करते हैं, तो आपकी सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जैसा कि पिछले भाग में वर्णित है। आपकी बारीकी से निगरानी भी की जाएगी:
- पहले 18 हफ्तों के लिए जब आप क्लोज़ापाइन ले रहे हैं, तो आपको सप्ताह में एक बार रक्त जांच करवानी होगी।
- इसके बाद, क्लोज़ापाइन शुरू करने के एक साल बाद तक आपको हर दो सप्ताह में रक्त जांच करवानी होगी।
- एक वर्ष के बाद, जब तक आप क्लोज़ापाइन का उपयोग कर रहे हैं, तब तक आपको हर चार सप्ताह में रक्त जांच करवानी होगी।
रक्त जांच
यदि आप क्लोज़ापाइन ले रहे हैं, तो आपको नियमित रक्त जांच करवानी चाहिए जिसे पूर्ण रक्त गणना कहा जाता है। यह क्लोज़ापाइन के बहुत ही दुर्लभ संभावित दुष्प्रभाव की जांच करने के लिए है, जहां आपके शरीर में श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या कम हो जाती है। श्वेत रक्त कोशिकाएं संक्रमण से लड़ती हैं और यदि आपके शरीर में उनकी संख्या कम हो जाती है, तो आपकी सेहत बहुत खराब हो सकती है। नियमित रक्त जांच से डॉक्टरों को यह सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है कि ऐसा होने का कोई संकेत नहीं है।
आपको एक अलग रक्त जांच की भी आवश्यकता हो सकती है, जिसे प्लाज्मा स्तर की निगरानी कहा जाता है। यह जांच इस बात पर नज़र रखती है कि आपके रक्त में क्लोज़ापाइन की मात्रा कितनी है। इसका उपयोग यह सुनिश्चित करने के लिए किया जा सकता है कि आप क्लोज़ापाइन की सही खुराक ले रहे हैं और क्लोज़ापाइन के उपयोग से जुड़ी किसी भी स्वास्थ्य समस्या का पता लगाने या उसका निदान करने के लिए किया जा सकता है।
साक्ष्य सामने आने लगे हैं जो बताते हैं कि भविष्य में, कुछ लोगों को रक्त जांच की उतनी बार आवश्यकता नहीं होगी जितनी बार उन्हें वर्तमान में करानी पड़ती है। यदि इस बारे में मार्गदर्शन बदलता है, तो आपकी मानसिक स्वास्थ्य टीम आपसे इस बारे में चर्चा करेगी।
यह बहुत महत्त्वपूर्ण है, यदि आप क्लोज़ापाइन ले रहे हैं, तो आप इसे निर्धारित खुराक के अनुसार लें। यदि आप 48 घंटे से अधिक समय तक क्लोज़ापाइन की खुराक लेना भूल जाते हैं, तो आपको क्लोज़ापाइन की अगली खुराक लेने से पहले सलाह के लिए तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि ब्रेक के बाद पूरी खुराक लेना असुरक्षित हो सकता है।
दुष्प्रभाव
क्लोज़ापाइन लेने वाले लोग कुछ अन्य दुष्प्रभाव का भी अनुभव कर सकते हैं। इनमें से कुछ सभी एंटीसाइकॉटिकस के बारे में पिछले अनुभाग में सूचीबद्ध के समान हैं, लेकिन कुछ क्लोज़ापाइन के साथ विशेष रूप से आम हैं, जिनमें शामिल हैं:
- वज़न बढ़ना
- थकान
- कब्ज़।
क्लोज़ापाइन के कारण कुछ लोगों का दिल सामान्य से अधिक तेज़ी से धड़क सकता है (जिसे साइनस टैकीकार्डिया कहा जाता है)। क्लोज़ापाइन शुरू करने पर यह शरीर की सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। हालाँकि, यह दिल को नुकसान पहुँचने का एक लक्षण भी है। इस वजह से, अगर किसी को साइनस टैकीकार्डिया जारी रहता है, तो उन लोगों की दिल को नुकसान पहुँचने के अन्य संकेतों और लक्षणों के लिए जाँच की जानी चाहिए।
ये दुष्प्रभाव चिंताजनक लग सकते हैं, लेकिन अधिकांश को आसानी से सँभाला जा सकता है।
मुझे दवाई कब तक लेनी होगी?
बहुत से लोग जानना चाहते हैं कि उन्हें कब तक दवाई लेनी होगी, और क्या वे भविष्य में इसे लेना बंद कर पाएँगे। यह अनुमान लगाना वाकई मुश्किल हो सकता है कि किसी को कितने समय तक दवाई लेने की आवश्यकता हो सकती है, और यह बहुत सी अलग-अलग चीजों पर निर्भर हो सकता है।
यदि आप इसे शुरू करने के 1 से 2 साल के भीतर अपनी दवाई लेना बंद कर देते हैं, तो रीलैप्स होने का खतरा अधिक होता है। रीलैप्स का अर्थ है मनोविकृति के और ऐपिसोड का अनुभव करना। दवाई पर बने रहने से इस जोखिम को काफी कम किया जा सकता है कि आपको आगे किसी भी तरह की पुनरावृत्ति का अनुभव होगा।
यदि आप अपनी दवाई लेना बंद कर देते हैं और आपको मनोविकृति का और ऐपिसोड हो जाता है, तो आपको अपनी दवाई फिर से लेनी शुरू करनी पड़ सकती है, और ठीक रहने के लिए इसे लेना जारी रखनी चाहिए। आपको कितने समय तक दवाई लेने की आवश्यकता होगी यह आपके और आपकी अनोखी स्थिति पर निर्भर करता है।
अगर मैं अपनी दवाई लेना बंद कर दूँ तो क्या होगा?
यदि आप अपनी दवाई लेना बंद कर देते हैं, तो आप फिर से अस्वस्थ हो सकते हैं। जितनी बार आपका रीलैप्स होता है, आपके लिए फिर से ठीक होना उतना ही मुश्किल हो सकता है। हो सकता है कि हर बार आपकी रिकवरी उस स्तर की न हो जैसी पहले थी। यह एक कारण है कि आपके डॉक्टर आपको अपनी दवाई लेते रहने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
यदि आप अपनी दवाई लेना बंद करना चाहते हैं या ऐसा करने के बारे में सोच रहे हैं, तो हम आपको पहले अपने मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर या सामान्य चिकित्सक से बात करने की पुरजोर सलाह देते हैं। उन्हें आपकी दवाई को रोकने के फायदे और नुकसान, इसमें शामिल होने वाले किसी भी जोखिम और इसे करने के सर्वोत्तम तरीके के बारे में चर्चा करनी चाहिए।
लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्शन
लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्शन, जिन्हें डिपो दवाई के रूप में भी जाना जाता है, ऐसी दवाएं हैं जिन्हें टैबलेट के रूप में लेने के बजाय मांसपेशियों में इंजेक्शन (इंट्रामस्क्युलर इंजेक्शन) के रूप में दिया जाता है। उसके बाद दवाई कई हफ्तों के दौरान धीरे-धीरे शरीर में जाती है।
लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्शन में दवाई टैबलेट की तरह ही होती है।
कुछ लोग टैबलेट के लिए लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्शन को पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें हर दिन अपनी दवाई लेना याद नहीं रखना पड़ता है। दूसरी ओर, कुछ लोग इंजेक्शन पसंद नहीं करते हैं, या हर दिन एक टैबलेट लेने का विचार पसंद करते हैं।
शोध से पता चलता है कि जो लोग लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्शन का उपयोग करते हैं, उनके परिणाम उन लोगों की तुलना में बेहतर होते हैं जो टैबलेट के रूप में एंटीसाइकॉटिक दवा लेते हैं। आप हमारे सूचना स्रोत में लंबे समय तक काम करने वाले इंजेक्टेबल मनोविकृति रोधी दवाएं (एंटीसाइकॉटिक्स) के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मनोवैज्ञानिक उपचार
मनोवैज्ञानिक उपचार या टॉकिंग थेरेपी वे हैं, जहां आप किसी चिकित्सक से खुद या समूह में अपनी समस्याओं के बारे में बात करते हैं।
मनोविकृति, सिज़ोफ़्रेनिया और सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर के इलाज के रूप में मनोवैज्ञानिक उपचारों की सिफारिश की जाती है, और इस बात के बहुत सारे प्रमाण हैं कि वे प्रभावी हैं। आपको दवाई के साथ ही मनोवैज्ञानिक चिकित्सा की पेशकश की जानी चाहिए, क्योंकि इससे दोनों चीजें अधिक प्रभावी हो सकती हैं।
विभिन्न मनोवैज्ञानिक उपचारों को खोजने में आपको कितनी मदद मिलेगी, यह आपकी और आपकी अनोखी स्थिति पर निर्भर करेगा।
दुर्भाग्य से, आप जहां रहते हैं, उसके आधार पर मनोवैज्ञानिक उपचारों तक पहुंचने में कुछ समय लग सकता है।
कॉग्नेटिव बिहेवरल थेरेपी (सीबीटी)
कॉग्निटिव बिहेवरल थेरेपी, सीबीटी आपको रोजमर्रा की स्थितियों में सोचने और प्रतिक्रिया करने के अधिक उपयोगी तरीके सीखने में मदद करता है। कुछ अन्य टॉकिंग थेरेपी के विपरीत, सीबीटी आपके पिछले अनुभवों के बजाय आपकी वर्तमान चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करता है।
आपको कम से कम 16 साप्ताहिक सत्रों के लिए व्यक्तिगत सीबीटी की पेशकश की जानी चाहिए, जहां आप खुद जाकर चिकित्सक से मिलते हैं।
सीबीटी मेरी मदद कैसे कर सकता है?
सीबीटी निम्नलिखित में आपकी मदद कर सकता है:
- अपने लक्षणों के संबंध में अपने विचारों, भावनाओं और व्यवहारों के बीच संबंधों को समझने में
- यह समझने में कि आपकी मान्यताएं आपके लक्षणों से कैसे संबंधित हैं
- अपने लक्षणों से निपटने के वैकल्पिक तरीके विकसित करने में
- अपने लक्षणों से कम व्यथित महसूस करने में।
मैं CBT कब शुरू करूंगा?
मनोवैज्ञानिक उपचार आमतौर पर ज़्यादा मददगार होते हैं अगर आप उनमें शामिल हो सकें और अपने तय सेशन के अलावा भी काम पूरा कर सकें। यदि आप मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, तो आपके लिए बेहतर होगा कि आप और स्थिर होने पर सीबीटी शुरू करें। ऐसा इसलिए है क्योंकि सीबीटी में आपको अपने कुछ भ्रमों या मान्यताओं को चुनौती देने की आवश्यकता हो सकती है। यदि आप ऐसा करने के लिए तैयार नहीं हैं, तो यह आपके और आपके चिकित्सक के बीच के रिश्ते को नुकसान पहुँच सकता है, और आपके मानसिक स्वास्थ्य को ख़राब कर सकता है।
आर्ट थेरेपी
कला उपचार लोगों को उनके विचारों और भावनाओं का पता लगाने में मदद करने के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति के विभिन्न रूपों का उपयोग करते हैं। कला उपचार में पेंटिंग, फोटोग्राफी, मूर्तिकला, संगीत और लेखन जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं।
कला उपचार निम्नलिखित में आपकी मदद कर सकते हैं:
- अपने आप को व्यक्त करने में
- अन्य लोगों के साथ संवाद करने के नए तरीके खोजने में
- कला के माध्यम से अपने अनुभवों का प्रतिनिधित्व करने में।
पारिवारिक हस्तक्षेप
पारिवारिक हस्तक्षेप अलग तरह की सहायता है जो आपको और आपके परिवार को आपके स्वास्थ्य लाभ को बेहतर बनाने में मदद करने के लिए दी जा सकती है।
परिवारों के साथ काम करने के कई अलग-अलग तरीके हैं। हालांकि, पारिवारिक हस्तक्षेप मानसिक स्वास्थ्य पेशेवरों द्वारा किया जाना चाहिए और उसमे निम्नलिखित बातों को शामिल किया जाना चाहिए:
- मनोशिक्षा - आपके निदान को बेहतर ढंग से समझने में आपकी और आपके परिवार की मदद करना
- तनाव को संभालना और कम करना
- आपकी भावनाओं को प्रभावी ढंग से संसाधित करने में आपकी और आपके परिवार की मदद करना
- विचारों और मान्यताओं को अलग तरीके से सोचना सीखना
- समस्या का समाधान।
पारिवारिक हस्तक्षेप में आप शामिल हो सकते हैं या शुरुआत करने के लिए उनकी पेशकश सिर्फ आपके परिवार को की जा सकती है। पारिवारिक हस्तक्षेप की पेशकश कम से कम 10 सत्रों के लिए, और कम से कम तीन महीने के लिए की जानी चाहिए।
अन्य उपचार
ऐसे अन्य उपचार भी हैं जिन्हें यहां विस्तार से शामिल नहीं किया गया है, जैसे कि आवाज संवाद (या अवतार) चिकित्सा, क्योंकि ये जरूरी नहीं कि पूरे यूके में व्यापक रूप से उपलब्ध हों।
अस्पताल में जाते समय
यदि आप बहुत अस्वस्थ हैं, तो आपको ठीक होने में मदद करने के लिए मनोरोग अस्पताल में कुछ समय बिताने की आवश्यकता हो सकती है। यह मददगार हो सकता है अगर आपको:
- उच्च स्तर के उपचार और देखभाल की आवश्यकता है
- खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचाने का खतरा है
- उन्हें दूसरों द्वारा नुकसान पहुँचाए जाने का खतरा है।
सेक्शन किया जा रहा है
कुछ मामलों में, आपका मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत आकलन करने और अस्पताल में रखने की आवश्यकता हो सकती है। ऐसा तब हो सकता है जब आपके लिए अस्पताल में न रहना या अपनी देखभाल के बारे में स्वयं निर्णय लेना सुरक्षित न हो। इसे 'सेक्शन किया जाना' के रूप में भी जाना जाता है, और इसका मतलब है कि आपको कानूनन अस्पताल में रखा जाएगा।
कई अलग-अलग प्रकार के सेक्शन हैं, और आप हमारे सेक्शन किए जाने वाले स्रोतमें उनके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह स्रोत केवल इंग्लैंड और वेल्स पर लागू होता है, और स्कॉटलैंड तथा उत्तरी आयरलैंड में अन्य कानून और नियम भी हैं।
यदि आपको मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है, तो आपके डॉक्टरों को अभी भी आपके इलाज के बारे में आपकी राय पूछनी चाहिए और जितना संभव हो सके निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा बनने में आपकी मदद करनी चाहिए। कुछ स्थितियों में, आपके डॉक्टर को आपके इलाज के बारे में किसी करीबी दोस्त, परिवार के सदस्य या देखभालकर्ता से बात करने की आवश्यकता हो सकती है। जानकारी साझा करने से जुड़े कुछ नियम हैं, जिनके बारे में आप हमारे सूचना स्रोत में किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित व्यक्ति की देखभाल करने के बारे में अधिक जान सकते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य के स्वतंत्र पैरोकार
यदि आपको मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत हिरासत में लिया जाता है, तो आप स्वचालित रूप से एक स्वतंत्र मानसिक स्वास्थ्य वकील (IMHA) तक पहुँचने के हकदार होते हैं।
IMHA वो लोग हैं जिन्हें निम्नलिखित के बारे में अच्छी जानकारी होती है:
- मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम
- मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के अधिकार।
IMHA उस मानसिक स्वास्थ्य ट्रस्ट से पूरी तरह स्वतंत्र हैं, जिसकी देखभाल के तहत आप अस्पताल में भर्ती हैं। वे आपकी नजरबंदी की अपील करने में आपकी सहायता कर सकते हैं और समीक्षाओं में उपस्थित होते हैं। वे यह सुनिश्चित करने में मदद कर सकते हैं कि आपके साथ व्यवहार करने वाले लोग आपके विचारों और राय को सुनें और उन पर विचार करें।
आप the Mind वेबसाइट पर IMHA के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं
आप समुदाय मेंअपनी देखभाल और उपचार प्राप्त करने में सक्षम हो सकते हैं। इसका मतलब है कि आप घर पर, या समर्थित आवास में रह सकते हैं, और एक सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य टीम आपका इलाज कर सकती है।
सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य टीमें कई अलग-अलग भूमिकाओं से बनी होती हैं, जिनमें मनोचिकित्सक, मानसिक स्वास्थ्य नर्स, व्यावसायिक थैरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, सहायक कार्यकर्ता और बहुत कुछ शामिल हैं।
आपकी दवाई की समीक्षा करके या आपको मनोवैज्ञानिक उपचार प्रदान करके आपको मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने के साथ-साथ, वे आपको रोजगार, आवास या लाभ के लिए आवेदन करने जैसी अन्य चीजों में भी मदद कर सकते हैं।
समर्थित आवास
यदि आपको इसकी आवश्यकता है, तो समर्थित आवास प्राप्त करना एक जटिल प्रक्रिया हो सकती है। इसे प्राप्त करना आपकी देखभाल में शामिल सभी लोगों के बीच सहयोग पर निर्भर करता है। समुदाय में आपकी देखभाल करने का ध्यान आपकी स्वतंत्रता को बढ़ावा देने पर होना चाहिए, साथ ही यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आपको सही समर्थन मिले।
समुदाय में टीमें
अलग-अलग टीमें हैं जो समुदाय में आपकी सहायता कर सकती हैं:
मनोविकृति टीम में प्रारंभिक हस्तक्षेप
यह टीम मनोविकृति के पहले एपिसोड वाले लोगों को गहन सहायता प्रदान करती है, जिनमें से कुछ को सिज़ोफ़्रेनिया या सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर का निदान हो सकता है।
मुखर आउटरीच टीम
यह टीम उन लोगों के लिए व्यापक सहायता और समर्थन प्रदान करती है जिन्हें लंबे समय से सिज़ोफ़्रेनिया या सिज़ोफेक्टिव डिसऑर्डर का निदान हुआ है। यह उन लोगों के लिए विशेष रूप से मददगार हो सकता है, जिन्हें अन्य सेवाओं के साथ काम करना मुश्किल लगता है, या जो विभिन्न कारणों से नियमित रूप से अपनी दवाई नहीं ले पा रहे हैं।
संकट का समाधान और घरेलू उपचार टीम
यदि आप अस्पताल में भर्ती होने के विकल्प के रूप में मानसिक रूप से अस्वस्थ हो रहे हैं तो यह टीम आपकी मदद कर सकती है।
व्यावसायिक पुनर्वास
इसमें डे सेंटर, डे हॉस्पिटल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। ये सुविधाएं बैक-टू-वर्क कोर्स, शिक्षा, कला और खाना पकाने जैसी विभिन्न गतिविधियों की पेशकश करती हैं। आप उन अन्य लोगों के साथ भी संबंध बनाने में सक्षम हो सकते हैं, जो आपके जैसी चीजों का अनुभव कर रहे हैं।
आप जहां रहते हैं, उसके आधार पर इन सेवाओं की उपलब्धता व्यापक रूप से भिन्न हो सकती है।
सामाजिक समर्थन
यदि आप समुदाय में खुद की देखभाल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो आपके लिए एक सामाजिक कार्यकर्ता आवंटित किया जाना मददगार हो सकता है, जो यह समझने के लिए देखभाल अधिनियम का मूल्यांकन करेगा कि क्या आपको सामाजिक देखभाल की कोई जरूरत है या नहीं।
देखभाल अधिनियम मूल्यांकन यह सुझाव दे सकता है कि आपको पेशकश की जाए:
- आपके अपने आवास में समुदाय में देखभाल का एक पैकेज
- एक समर्थित जीवनयापन स्थान
- एक व्यावसायिक थैरेपिस्ट से आकलन
जब आप किसी मनोरोग अस्पताल में भर्ती होते हैं, या जब आप समुदाय में होते हैं, तब देखभाल अधिनियम का आकलन किया जा सकता है।
मैं कब ठीक होने की उम्मीद कर सकता हूं?
अलग-अलग लोगों के लिए स्वास्थ्य लाभ बहुत अलग हो सकता है। यह बहुत सी अलग-अलग चीजों पर निर्भर करता है, जिसमें यह शामिल है कि आप अपनी निर्धारित दवाई को लगातार कैसे लेते हैं, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आपका जुड़ाव का स्तर और दोस्तों तथा परिवार से आपको मिलने वाली सहायता। आप ठीक रहने और स्वस्थ रहने के लिए सभी 'सही' चीजें कर सकते हैं, और फिर भी अपने लक्षणों में उतार-चढ़ाव का अनुभव कर सकते हैं।
यह कोशिश करना मददगार हो सकता है कि ठीक होने के बारे में न सोचें कि 'कोई और लक्षण नहीं' हैं, क्योंकि यह संभव नहीं हो सकता है। इसके बजाय, आप स्वास्थ्य लाभ के बारे में इस प्रकार सोच सकते हैं:
- उन चीजों को करने में सक्षम होना जो आप करते थे
- अपनी स्थिति को समझना
- यह सीखना कि आपको यथासंभव रहने में क्या मदद करता है
- यह जानना कि आप कब अस्वस्थ हो रहे हैं, और जब आप अस्वस्थ होते हैं तो आपको किस तरह की मदद की जरूरत होती है।
मैं अपना सहयोग कैसे कर सकता हूँ?
जहां तक संभव हो सके स्वस्थ रहने के लिए आप खुद को सहारा देने के लिए बहुत सी चीजें कर सकते हैं। आपकी मानसिक स्वास्थ्य टीम को आपको अच्छे से रहने की योजना प्रदान करनी चाहिए और इसे पूरा करने के लिए आपके साथ काम करना चाहिए। आपकी अच्छी से रहने की योजना की नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए और यदि आवश्यक हो तो उसमें संशोधन किया जाना चाहिए। यह महत्त्वपूर्ण है कि यह योजना आपके और आपकी देखभाल में शामिल लोगों के सहयोग से तैयार की जाए, और यह कि इसमें शामिल चीजें आपके लिए प्रासंगिक हों।
अन्य महत्त्वपूर्ण चीजें जो आप स्वयं का समर्थन करने के लिए कर सकते हैं उनमें शामिल हैं:
उन चीजों से बचना जिनसे आपको तनाव होता है
ये चीजें एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भिन्न होंगी, लेकिन इसमें शामिल हो सकते हैं:
- उत्तेजक वातावरण - यह कुछ ऐसे स्थान या लोग हो सकते हैं जिनके कारण आप विशेष रूप से तनाव महसूस करते हैं।
- नशीले पदार्थ और शराब - उस समय नशीले पदार्थ पीना या लेना आनंददायक हो सकता है, लेकिन लंबे समय में यह आपके मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। नशीले पदार्थ और अल्कोहल से आपकी मनोदशा बिगड़ सकती है, जिससे आप पागल हो सकते हैं या आपको मतिभ्रम होना लग सकता है। नशीले पदार्थ और शराब भी आपकी दवाई के साथ परस्पर क्रिया कर सकते हैं और संभावित रूप से बहुत ख़तरनाक हो सकते हैं।
ऐसी चीजें करना जो आपकी भलाई का समर्थन करती हैं
इनमें से कई ऐसी चीजें हैं जो हर कोई मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद करने के लिए कर सकता है। यदि आपको मानसिक बीमारी है, तो ये विशेष रूप से सहायक हो सकते हैं:
- अच्छी तरह से खाना - नियमित रूप से खाने की कोशिश करें, समय पर भोजन करें, और प्रमुख खाद्य समूहों के खाद्य पदार्थ खाएं। आप NHS वेबसाइट पर अच्छी तरह से खाने के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
- व्यायाम करना — सक्रिय रहना अच्छे मानसिक स्वास्थ्य का समर्थन करता है। ऐसा व्यायाम खोजने की कोशिश करें जो आपको पसंद हो और जो आप नियमित रूप से कर सकें। जैसे कि तेज सैर करना, तैराकी करना या स्थानीय व्यायाम कक्षा आज़माना।
- अपनी मानसिक स्वास्थ्य टीम के संपर्क में रहना - अगर आप संघर्ष कर रहे हैं तो अपनी मानसिक स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें और पता करें कि जिन क्षेत्रों में आपको मदद की ज़रूरत है, वे आपको किस तरह की सहायता दे सकते हैं।
- वित्तीय और आवास स्थिरता – पैसे या आवास से जुड़ी कठिनाइयाँ हमारे जीवन के सबसे तनावपूर्ण अनुभवों में से कुछ हो सकती हैं। यदि आप अपने आवास या वित्तीय स्थिति से जूझ रहे हैं, तो लाभ, वित्तीय सहायता और ऋण परामर्श संबंधी हमारे स्रोत को देखें, जिसमें यह बताया गया है कि आप किन-किन लाभों के हकदार हो सकते हैं और उन्हें कैसे प्राप्त करें। यदि आपकी मानसिक स्वास्थ्य टीम में कोई व्यावसायिक चिकित्सक है, तो वे इस मामले में आपकी मदद कर सकते हैं।
अपने रिलैप्स के संकेतों को समझना
रिलैप्स के संकेत उन चीज़ों या व्यवहारों का वर्णन करने का एक तरीका हैं, जो आमतौर आपमें तब दिखने लगते हैं जब आपका मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ने लगता है। इसे ‘संकेत’ कहा जाता है क्योंकि यह आपके लिए विशिष्ट होता है।
आप और आपके करीबी लोग इन बातों पर नज़र रख सकते हैं और यदि आप इनमें से कुछ करने लगें, तो क्या करना है इसके लिए एक सहमत योजना बना सकते हैं। आपके अस्वस्थ होने के संकेतों में ये शामिल हो सकते हैं:
- नींद न आना
- अपने आप को अलग कर लेना या सामान्य से अधिक बाहर जाना
- सामान्य से अलग तरीके से बोलना या व्यवहार करना
- आपके काम या पढ़ाई के प्रदर्शन में गिरावट
- ज़्यादा चिड़चिड़ा या आक्रामक होना, यहाँ तक कि परिवार और दोस्तों के प्रति भी
रिलैप्स के संदर्भ में विचार करने वाली एक महत्त्वपूर्ण बात ‘अंतर्दृष्टि की कमी’ है। यह तब होता है जब आप समझ नहीं पाते कि आप अस्वस्थ हैं और आपके लक्षण वास्तविक नहीं हैं।
रिकवरी कॉलेज
रिकवरी कॉलेज मानसिक बिमारी, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण पर ऑनलाइन और प्रत्यक्ष पाठ्यक्रम प्रदान करते हैं। ये उन लोगों के लिए हैं जो मानसिक रूप से अस्वस्थ रह चुके हैं और अपनी स्थिति के बारे में अधिक जानना चाहते हैं तथा यह सीखना चाहते हैं कि अपनी रिकवरी में कैसे सहायता कर सकते हैं। रिकवरी कॉलेजों में परिवार, मित्रों और देखभाल करने वालों के लिए भी पाठ्यक्रम उपलब्ध होते हैं।
रिकवरी कॉलेज कई NHS मानसिक स्वास्थ्य ट्रस्टों में उपलब्ध हैं, और Recovery College Online के माध्यम से ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं।
सोशल प्रीस्क्राइबिंग
आपके ठीक होने का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा यह हो सकता है कि आप दूसरों के साथ समय बिताएँ और वे काम करें जो आपको पसंद हों। सोशल प्रीस्क्राइबिंग लोगों को उनके स्थानीय समुदाय की सेवाओं और समूहों से जोड़ने में मदद करता है, जो उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का समर्थन कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, यदि आपको बागवानी पसंद है, तो सोशल प्रीस्क्राइबिंग के तहत आपको आपके आसपास के किसी साप्ताहिक बागवानी समूह से जोड़ा जा सकता है, जहाँ आप अन्य लोगों से मिल सकते हैं और साथ मिलकर अपनी पसंद की गतिविधि कर सकते हैं।
आप इसके बारे में हमारे सोशल प्रीस्क्राइबिंग स्रोत में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
काम करना
यदि आप बहुत अस्वस्थ रहे हैं, तो आपके कामकाजी जीवन में शायद बदलाव की आवश्यकता होगी। इसका मतलब यह हो सकता है कि आप अपने नियोक्ता से अधिक सहायता प्राप्त करें, अपनी नौकरी से छुट्टी लें, या यदि आपकी वर्तमान नौकरी आपको तनाव देती है, तो दूसरी नौकरी तलाशें। इन परिवर्तनों को स्थायी होने की आवश्यकता नहीं हो सकती है, लेकिन यह सोचना महत्त्वपूर्ण है कि क्या आप ऐसे कोई बदलाव कर सकते हैं जो आपको यथासंभव स्वस्थ रहने में मदद करें।
अपने नियोक्ता को सूचित करना
यदि आपको किसी मानसिक बिमारी का निदान हुआ है, तो आप यह सोच रहे हो सकते हैं कि क्या आपको अपने नियोक्ता को इसके बारे में बताना चाहिए। कुछ लोग अपने निदान के बारे में अपने नियोक्ता से बात करने को लेकर चिंतित रहते हैं, इस डर से कि वे अपनी नौकरी खो सकते हैं, उनके साथ गलत व्यवहार किया जा सकता है, या उनके साथ उनके सहकर्मियों से अलग व्यवहार किया जा सकता है।
उत्तरी आयरलैंड में मानसिक बीमारी को समानता अधिनियम 2010 (और विकलांगता भेदभाव अधिनियम 1995 के तहत विकलांगता के रूप में माना जाता है। इसका मतलब यह है कि किसी को मानसिक बीमारी होने के कारण उनके साथ भेदभाव करना कानून के खिलाफ है।
यदि आप अपने निदान के बारे में अपने नियोक्ता को बताते हैं, तो उन्हें आपको समर्थन देने की कानूनी जिम्मेदारी होती है।
उचित समायोजन
आपके नियोक्ता को आपकी नौकरी में उचित समायोजन करने में मदद करनी पड़ सकती है। उदाहरण के लिए, यदि आप अस्वस्थ रहे हैं लेकिन काम पर लौटने के लिए तैयार हैं, तो वे आपको चरणबद्ध रूप से लौटने का विकल्प दे सकते हैं। इसका मतलब यह हो सकता है कि आप पूरे दिन के बजाय आधे दिन काम करें, या अंशकालिक काम शुरू करें और फिर धीरे-धीरे अपने काम के घंटे पूर्णकालिक कर लें।
सोचें कि आपके लिए कौन-से समायोजन मददगार हो सकते हैं और अपने नियोक्ता से बात करें। आप Acas की वेबसाइट पर उचित समायोजन के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Access to Work
Access to Work डिपार्टमेंट फॉर वर्क एंड पेंशन (DWP) द्वारा प्रदान की जाने वाली एक सेवा है, जो विकलांग लोगों को व्यावहारिक और वित्तीय सहायता दे सकती है। यह उन लोगों के लिए उपलब्ध है जो नौकरी में हैं, स्व-रोज़गार कर रहे हैं, या रोज़गार की तलाश में हैं।
Access to Work ‘उचित समायोजन’ से परे भी सहायता या अनुकूलन प्रदान कर सकता है। उदाहरण के लिए, Access to Work आपके नियोक्ता को आपके लिए जॉब कोच या अतिरिक्त प्रशिक्षण का खर्च वहन करने में मदद कर सकता है।
ड्राइविंग
यदि आपको मनोविकृति का अनुभव हो और गाड़ी चलाते हैं, तो आपको चालक और वाहन लाइसेंसिंग एजेंसी (DVLA) को कानूनी रूप से सूचित करना होगा।
जब आप अस्वस्थ हैं, तो आपको गाड़ी चलाना बंद करना होगा क्योंकि यह आपके लिए सुरक्षित नहीं होगा। हालाँकि, यदि आप कम से कम 3 महीने तक ठीक रहे हैं, तो आप फिर से गाड़ी चलाना शुरू कर सकते हैं। आपका डॉक्टर यह समझने में आपकी मदद कर सकते हैं कि आपके लिए गाड़ी चलाना सुरक्षित है या नहीं।
आपके ठीक होने के बाद, चालक और वाहन लाइसेंसिंग एजेंसी आपके जी.पी या मनोचिकित्सक को पत्र भेजेगा ताकि वे यह आकलन कर सकें कि आपके लिए फिर से गाड़ी चलाना सुरक्षित है या नहीं।
आप चालक और वाहन लाइसेंसिंग एजेंसी वेबसाइट पर मानसिक बीमारियों और ड्राइविंग के बारे में और जान सकते हैं, विशेष रूप से मानसिक रोग वाले सेक्शन में।
परिवार और दोस्तों के लिए जानकारी
यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसने मनोविकृति का अनुभव किया है, तो आप सोच रहे होंगे कि आप उनकी मदद कैसे कर सकते हैं। यहाँ, हमने कुछ बातें सुझाई हैं जो आप कर सकते हैं।
खुद का समर्थन करना
मनोविकृति उन लोगों को भी प्रभावित कर सकती है जो उस व्यक्ति को जानते हैं जिसे यह निदान मिला है। यदि ऐसा कोई व्यक्ति जिसे आप जानते हैं या जिसकी आप देखभाल करते हैं, मनोविकृति का अनुभव कर रहा है, तो जानकारी और समर्थन प्राप्त करना भी आपके लिए सहायक हो सकता है। यह आप दोनों के लिए सहायक हो सकता है, क्योंकि जितना अधिक आप जानकारी और समर्थन प्राप्त करेंगे, उतना अधिक आप उस जानकार व्यक्ति की मदद कर सकेंगे।
मनोविकृति के बारे में जानना
मनोविकृति एक अक्सर गलत समझी जाने वाली स्थिति है। आप खाली समय में मनोविकृति के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करके, स्वास्थ्य सेवा संगठनों या चैरिटीज़ से विश्वसनीय जानकारी प्राप्त करके, जिनमें से कुछ हमने नीचे सूचीबद्ध किए हैं, उस जानकार व्यक्ति की मदद कर सकते हैं। आप उन लोगों की कहानियाँ भी देख या पढ़ सकते हैं जिन्होंने मनोविकृति का अनुभव किया है, ताकि आप समझ सकें कि अभी और भविष्य में आप और आपके प्रियजन क्या अपेक्षा कर सकते हैं।
यह जानना कि आप कैसे मदद कर सकते हैं
जिस व्यक्ति को आप जानते हैं, उससे पूछें कि क्या ऐसी कोई खास चीज़ें हैं जिनमें आप उनकी मदद कर सकते हैं। वे आपसे व्यावहारिक मदद के लिए कह सकते हैं, जैसे उनकी वित्तीय व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद करना। या वे आपसे भावनात्मक समर्थन मांग सकते हैं, जैसे उनके साथ किसी अपॉइंटमेंट में जाना।
यदि आप किसी की देखभाल में घनिष्ठ रूप से शामिल हैं, तो ऐसा समय भी आ सकत है जब आपको डॉक्टरों से उनके इलाज के बारे में बात करनी पड़े, निर्णय लेने में मदद करनी पड़े या उनकी ओर से पैरवी करनी पड़े। आप इसके बारे में अधिक जानकारी हमारे मानसिक बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति की देखभाल संबंधी स्रोत में प्राप्त कर सकते हैं।
वित्तीय सहायता
जिस व्यक्ति को आप जानते हैं, वह अस्वस्थ होने पर बहुत अधिक पैसा खर्च करने के जोखिम में हो सकता है, या दूसरों द्वारा आर्थिक रूप से शोषित होने के जोखिम में हो सकता है। अगर ऐसा है, तो आप उनके पैसे को सुरक्षित रखने के लिए कुछ कदम उठाने में उनकी मदद कर सकते हैं। यह एक ऐसा निर्णय होना चाहिए जिसे आप दोनों मिलकर लें।
आप हमारे सूचना संसाधन में लाभ, वित्तीय सलाह और ऋण के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आप the National Debtline वेबसाइट पर जाकर भी मानसिक बीमारी से ग्रस्त लोगों के लिए पैसे, कर्ज और वित्तीय सहायता के बारे में अधिक पढ़ सकते(ती) हैं।
आप नागरिक सलाह वेबसाइट पर भी जा सकते हैं, या अपने नज़दीकी नागरिक सलाह केंद्र का पता लगा सकते हैं। आप किसी सलाहकार से उन लाभों के बारे में बात कर सकते हैं जिनके आप हकदार हैं, और वे फॉर्म भरने तथा आवश्यक प्रमाण जुटाने में आपकी मदद कर सकते हैं।
भ्रम को समझना
परिवार और दोस्तों के लिए यह जानना मुश्किल हो सकता है कि कैसे प्रतिक्रिया दें, जब कोई जिसे वे जानते हैं ऐसे विचार या धारणाएँ रखता है जो स्पष्ट रूप से असत्य हैं। परिवार और दोस्त अक्सर सोचते हैं कि क्या इन विचारों को चुनौती दें, उनसे सहमत हों, या बस उन्हें अनदेखा कर दें। यह याद रखना महत्त्वपूर्ण है कि मनोविकृति के लक्षणों का अनुभव करने वाले व्यक्ति के लिए इन लक्षणों और वास्तविकता के बीच अंतर करना असंभव हो सकता है।
आपको उनकी भावनाओं को मान्यता देना अधिक सहायक लग सकता है, न कि उन मान्यताओं को जो उनकी भावनाओं का कारण बन रही हैं। उदाहरण के लिए, यदि जिस व्यक्ति को आप जानते हैं वह इस बात से डरा हुआ है कि सरकार उसकी निगरानी कर रही है, तो उसे यह समझाने की कोशिश करने के बजाय कि ऐसा नहीं हो रहा है, आप उसकी भावनाओं के अनुसार इस तरह प्रतिक्रिया दे सकते हैं:
“यह सचमुच बहुत डरावना लगता है, मुझे बहुत खेद है। क्या ऐसा कुछ है जो मैं कर सकता हूँ जिससे आप खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करें?”
दुर्भाग्य से, जब कोई व्यक्ति संकट में होता है, तो आप हमेशा उसे बेहतर महसूस कराने में मदद नहीं कर पाएंगे।
यदि आप एक देखभालकर्ता हैं
यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति की देखभाल करने में समय बिताते हैं जिसे मानसिक बीमारी है, तो आपको ‘देखभालकर्ता’ माना जा सकता है। मनोविकृति जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से ग्रस्त किसी व्यक्ति की देखभाल करना कई बार बहुत मुश्किल हो सकता है, और यह महत्त्वपूर्ण है कि आप अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। भले ही आप खुद को देखभालकर्ता न मानें, फिर भी आप कुछ लाभों और सहायता के हकदार हो सकते(ती) हैं।
यदि आप एक देखभालकर्ता हैं, तो आप एक निःशुल्क ‘देखभालकर्ता आकलन’ के हकदार हैं। यह समझने में मदद करेगा कि आपकी ज़िंदगी को क्या आसान बना सकता है। आप NHS की वेबसाइट पर इसे कैसे प्राप्त करें, इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते(ती) हैं।
आप देखभालकर्ताओं और मनोविकृति का अनुभव करने वाले लोगों के अन्य दोस्तों और परिवार के लिए विशेष रूप से बने स्थानीय सहायता समूह भी ढूंढ सकते हैं।
इसके बारे में अधिक जानने के लिए, हमारे मानसिक बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति की देखभाल संबंधी स्रोत को देखें।
अतिरिक्त स्रोत
वयस्कों में मनोविकृति और सिज़ोफ़्रेनिया: रोकथाम और प्रबंधन (जनता के लिए जानकारी), NICE – The National Institute for Health and Care Excellence (NICE) विभिन्न स्वास्थ्य दशा वाले लोगों को मिलने वाली देखभाल और उपचार के मानकों पर मार्गदर्शन प्रदान करता है। यह जानकारी आम जनता के लिए है और सिज़ोफ़्रेनिया और मनोविकृति से ग्रस्त वयस्कों के लिए मार्गदर्शन पर केंद्रित है।
चैरिटीज़
आप निम्नलिखित चैरिटीज़ के माध्यम से मनोविकृति और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्या के बारे में अन्य विश्वसनीय जानकारी प्राप्त कर सकते हैं:
संबंधित स्रोत
नीचे हमारे कुछ ऐसे स्रोत दिए गए हैं जो मनोविकृति और इसके समर्थन और उपचार से संबंधित हैं, जो आपके लिए मददगार हो सकते हैं:
अन्य स्थितियां
उपचार
- मनोविकृति रोधी दवाएँ (एंटीसाइकॉटिक्स)
- दीर्घकालिक कार्यशील इंजेक्शन द्वारा दी जाने वाली मनोविकृति रोधी दवाएँ
सहायता और देखभाल
आभार
यह जानकारी रॉयल कॉलेज ऑफ़ साइक्यैट्रिस्ट्स (Royal College of Psychiatrists) के पब्लिक एंगेजमेंट एडिटोरियल बोर्ड (PEEB) द्वारा तैयार की गई थी। यह लेखन के समय उपलब्ध सर्वोत्तम प्रमाणों को दर्शाता है।
विशेषज्ञ लेखक: डॉ. डेक्लन हाइलैंड, डॉ. एंजेलिकी टज़िआका, डॉ. जॉन क्रॉसबी और डॉ. लूअय एलटैगी
अनुभव से विशेषज्ञ: ऐलिस इवांस, ऐशली एनसिम्बी, डेब्रा क्नाइचाला, जेनेट सील, मार्क एलेर्बी, माइकल रॉबिन्सन और डॉ. सोफिया ओपासीक।
संदर्भ अनुरोध पर उपलब्ध हैं।
This translation was produced by CLEAR Global (June 2026)