कैटेटोनिया

Catatonia

Below is a Hindi translation of our information resource on catatonia. You can also view our other Hindi translations.

यह जानकारी उन लोगों के लिए है जो कैटेटोनिया का अनुभव कर रहे हैं या अतीत में कर चुके हैं। यह उन लोगों के लिए भी है जो कैटेटोनिया वाले किसी व्यक्ति को जानते हैं या उनकी देखभाल कर रहे हैं।

कैटेटोनिया क्या है?

कैटेटोनिया एक ऐसी अवस्था है जिसमें कोई व्यक्ति जाग रहा है लेकिन ऐसा लगता है कि वह अन्य लोगों और अपने परिवेश को कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा। कैटेटोनिया किसी की चाल, भाषण और व्यवहार को कई अलग-अलग तरीकों से प्रभावित कर सकता है। कैटेटोनिया के कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। हालांकि, किसी व्यक्ति में कैटेटोनिया विकसित होने के सटीक कारण स्पष्ट नहीं है और इस क्षेत्र में अधिक शोध की आवश्यकता है।

कैटेटोनिया के लक्षण क्या हैं?

कैटेटोनिया अचानक या धीरे-धीरे विकसित हो सकता है। अतीत में, माना जाता था कि कैटेटोनिया से पीड़ित लोग कई दिनों तक अजीब मुद्रा में बैठे रहते थे। अब हम जानते हैं कि कैटेटोनिया से पीड़ित लोग कई अन्य लक्षणों का अनुभव भी कर सकते हैं।

यदि किसी में इनमें से तीन या अधिक लक्षण हैं, तो उन्हें कैटेटोनिया हो सकता है:

  • बहुत स्थिर बैठे रहना और शून्य में घूरते रहना।
  • असामान्य अवस्था या मुद्रा में रहना जो आमतौर पर असुविधाजनक होती हैं।
  • अपने हाथों या पैरों को उसी स्थिति में रखना जिसमें किसी दूसरे व्यक्ति ने उन्हें रखा है।
  • लंबे समय तक एक ही हरकत को दोहराना।
  • किसी अन्य व्यक्ति की हरकतों को दोहराना (जिसे 'इकोप्रैक्सिया' कहते हैं)।
  • सुने हुए वाक्यांशों या शब्दों को दोहराना (इसे 'इकोलिया' कहते हैं)।
  • अजीब तरह के चेहरे बनाना।
  • न बोलना, न खाना-पीना।
  • जैसा कहा या निर्देशित किया जाए, बिना किसी सवाल किए वही करना।
  • कुछ नहीं करना, या कुछ करने का विरोध करना (जिसे 'नकारात्मकता' कहते हैं)।
  • अचानक बहुत उत्तेजित या बेचैन हो जाना। इसे 'उत्तेजित कैटेटोनिया' कहते हैं।

ये लक्षण आ-जा सकते हैं और कम या ज़्यादा तीव्र हो सकते हैं। अलग-अलग व्यक्तियों में कैटेटोनिया के लक्षण भिन्न हो सकते हैं। जबकि कुछ लोग बहुत कम हिलते-डुलते हैं, वहीं अन्य लोग बहुत उत्तेजित दिखाई दे सकते हैं।

यदि आप ख़ुद में या किसी और में इनमें से तीन या अधिक लक्षण देखते हैं, तो मदद लेना ज़रूरी है। आपके जी.पी. (सामान्य चिकित्सक), मानसिक स्वास्थ्य टीम से या एनएचएस 111 पर फ़ोन करके सहायता उपलब्ध है।

कैटेटोनिया का क्या कारण है?

कैटेटोनिया कई स्थितियों में हो सकता है। इनमें शामिल हैं:

मनोरोग की स्थितियां, जैसे:

शारीरिक स्थितियां, जैसे:

  • संक्रमण
  • मस्तिष्क में चोट
  • नशीली दवाओं और शराब का उपयोग
  • चयापचयी-संबंधी विकार, जैसे मधुमेह – ये वे विकार हैं जिनमें शरीर आपको स्वस्थ रखने वाले आवश्यक रसायनों का बहुत ज़्यादा या बहुत कम उपयोग करता है।
  • ऑटोइम्यून विकार - ये वे हैं जिनमें सामान्य रूप से बीमारी से लड़ने वाली शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली ग़लती से स्वस्थ कोशिकाओं पर हमला करती है।

यदि किसी को कैटेटोनिया है, तो उनकी चिकित्सा टीम को हमेशा जांच करनी चाहिए कि क्या कोई शारीरिक कारण है।

हालांकि ये बीमारियां कैटेटोनिया का कारण बन सकती हैं, लेकिन यह साफ़ नहीं है कि वे ऐसा किस तरह से करती हैं।

इन मनोरोग और शारीरिक स्थितियों वाले हर व्यक्ति को कैटेटोनिया नहीं होगा, और हम ठीक तरह से इसका कारण नहीं जानते।

शोध से पता चलता है कि इसमें जीएबीए, ग्लूटामेट और डोपामाइन जैसे मस्तिष्क के रसायन शामिल हो सकते हैं। ये रसायन मस्तिष्क की कार्यप्रणाली पर असर डालते हैं, और माना जाता है कि इन रसायनों की अधिकता या कमी से किसी व्यक्ति में कैटेटोनिया विकसित हो सकता है।

ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार (एएसडी) वाले लोगों को भी कैटेटोनिया प्रभावित कर सकता है। इसके बारे में अधिक जानकारी आप नेशनल ऑटिस्टिक सोसाइटी की वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।

कैटेटोनिया कितना आम है?

ऐसा बताया गया है कि मानसिक स्वास्थ्य संस्थाओं में बतौर मरीज़ भर्ती हुआ 10 में से 1 व्यक्ति कैटेटोनिया से प्रभावित होता है। हालांकि, इस बात के सबूत हैं कि इसकी पूरी तरह पहचान नहीं हो सकी है।

कैटेटोनिया से जुड़ी स्वास्थ्य स्थिति होने के अलावा, हम नहीं जानते कि कौन से जोखिम कारक कुछ लोगों को कैटेटोनिया होने की अधिक संभावना बनाते हैं।

वयस्कों में, कैटेटोनिया पुरुषों की तुलना में महिलाओं में थोड़ा अधिक आम हो सकता है।

बच्चों और किशोरों में, कैटेटोनिया कम आम है। कैटेटोनिया से पीड़ित अधिकांश बच्चों में यह किशोरावस्था के दौरान होगा। बच्चों और किशोरों में, लड़कियों की तुलना में लड़कों को कैटेटोनिया दोगुना प्रभावित करता है।

कैटेटोनिया के लिए कौन से परीक्षण हैं?

डॉक्टर यह पता करने के लिए अलग-अलग परीक्षण कर सकते हैं कि किसी व्यक्ति को कैटेटोनिया है या नहीं और इसका कारण क्या है। कैटेटोनिया का संभावित कारण पता लगाने से डॉक्टर को कैटेटोनिया का इलाज करने में मदद मिल सकती है।

यदि आप को कैटेटोनिया होने की संभावना लगती है, तो आपका डॉक्टर निम्नलिखित बातों पर विचार करेगा:

  • इतिहास- डॉक्टर आपके इतिहास के बारे में पता लगाने के लिए आपसे या आपकी देखभाल करने वाले व्यक्ति से बात करेंगे। वे यह भी जानना चाहेंगे कि आप हाल के दिनों में कैसा महसूस करते रहे हैं। आप या आपकी देखभाल करने वाले व्यक्ति को उन्हें आपके द्वारा ली जा रही किसी भी दवा, आपके सिर पर लगी किसी भी चोट और किसी भी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बताना चाहिए।1
  • निरीक्षण - अपॉइंटमेंट के दौरान या जब आप अस्पताल के वार्ड में हों, तब डॉक्टर आपके व्यवहार का निरीक्षण कर सकते हैं।
  • जांच - आपका शरीर ठीक से काम कर रहा है या नहीं, यह सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टर आपकी जांच कर सकते हैं। यह आपके दिल, फेफड़े, पेट और तंत्रिका तंत्र की पूर्ण शारीरिक जांच होनी चाहिए।1,4
  • रक्त परीक्षण - डॉक्टर कुछ रक्त परीक्षण कर सकते हैं। इनसे यह पता लगाया जाएगा कि क्या आपको कोई संक्रमण है या आपके शरीर के काम करने के तरीके में कोई समस्या तो नहीं है1,4
  • मस्तिष्क स्कैन - जांच और रक्त परीक्षण करने के बाद, डॉक्टर अधिक जानकारी की आवश्यकता होने पर मस्तिष्क स्कैन कर सकते हैं। स्कैन आपके डॉक्टर को आपके मस्तिष्क को अधिक विस्तार से देखने देगा1,4
  • इलेक्ट्रोएन्सेफलोग्राम (ईईजी) - यह परीक्षण आपके मस्तिष्क में विद्युत गतिविधि की निगरानी करता है1,4. इसका उपयोग यह देखने के लिए किया जा सकता है कि क्या आपको कोई न्यूरोलॉजिकल समस्या है। ईईजी करने के लिए आपके सिर पर छोटे-छोटे सेंसर लगाए जाते हैं और एक मशीन आपके मस्तिष्क द्वारा पैदा होने वाले संकेत पकड़ती है। आप ईईजी के बारे में अधिक जानकारीएनएचएस वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।

हम कैटेटोनिया का इलाज कैसे करते हैं?

कैटेटोनिया का इलाज किया जा सकता है, और इस ग्रस्त लोग अच्छी तरह से ठीक हो सकते हैं। यदि कैटेटोनिया का जल्दी निदान हो जाता है, तो कभी-कभी इसका इलाज घर पर ही किया जा सकता है। हालांकि, कैटेटोनिया वाले किसी व्यक्ति को अक्सर अधिक गहन उपचार या सहायता की आवश्यकता होगी। इसका मतलब यह हो सकता है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़े।

एक अंतर्निहित अवस्था का इलाज करना

कभी-कभी, कैटेटोनिया के अंतर्निहित कारण का इलाज करना कैटेटोनिया के इलाज के लिए भी पर्याप्त होगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी कोबाइपोलर डिसऑर्डर है, तो उनके बाइपोलर डिसऑर्डर का इलाज करने से एक ही समय में उनके कैटेटोनिया का इलाज भी हो सकता है। हालांकि, अधिकांश लोगों को कैटेटोनिया के लिए विशिष्ट उपचार की भी आवश्यकता होगी।

लोराज़ेपम

कैटेटोनिया का इलाज अक्सर लोराज़ेपम नामक दवा से किया जाता है। लोराज़ेपम एक बेंज़ोडाइज़ेपाइन है, जो एक प्रकार की शामक या सेडेटिव दवाई है। इसका मतलब है कि यह शरीर और मस्तिष्क को धीमा करने और मांसपेशियों को आराम देने में मदद करती है। इसका उपयोग मिर्गी के दौरे के इलाज के लिए भी किया जाता है, और अल्पावधि में इसका उपयोग बेचैनी, अनिद्रा और घबराहट के दौरे या पैनिक अटैक के इलाज के लिए किया जा सकता है।

कभी-कभी, डॉक्टर सोचेंगे कि किसी को कैटेटोनिया है लेकिन वे यह निश्चित तौर पर नहीं जानते। जब ऐसा होता है, तो पूर्ण उपचार शुरू करने से पहले, डॉक्टर उस व्यक्ति को लोराज़ेपम की एक खुराक दे सकते हैं। इसे 'चुनौती' कहा जाता है।

यदि एक खुराक के बाद व्यक्ति के लक्षणों में सुधार होता है, तो इससे डॉक्टर को कैटेटोनिया के निदान की पुष्टि करने में मदद मिल सकती है।

यदि आपको कैटेटोनिया है, तो लोराज़ेपम आपको दो में से एक तरीके से दी जा सकती है:

  • यदि आप निगल सकते हैं, तो आप लोराज़ेपम को टैबलेट के रूप में ले सकते हैं।
  • यदि आप निगल नहीं सकते हैं, तो आप इसे मांसपेशियों या नस में इंजेक्शन के रूप में ले सकते हैं।

शरीर कुछ ही घंटों में लोराज़ेपम को विघटित कर देता है। इसलिए, एक बार कैटेटोनिया की पुष्टि और निदान होने के बाद, अधिकांश लोगों को नियमित समय पर दिन में एक से अधिक बार लोराज़ेपम लेने की आवश्यकता होगी। कैटेटोनिया का प्रभावी ढंग से इलाज करने के लिए बड़ी खुराक की आवश्यकता हो सकती है।

विद्युत-आक्षेपी चिकित्सा या इलेक्ट्रोकनवल्सिव थेरेपी (ईसीटी)

जब कैटेटोनिया के लक्षण अधिक गंभीर होते हैं या वे लोराज़ेपम से बेहतर नहीं हो पाते, तो एक अलग उपचार विकल्प पर विचार किया जा सकता है।

यदि कोई चल-फिर, खा या पी नहीं सकता है, तो वे शारीरिक रूप से बहुत अस्वस्थ हो सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो उन्हें ईसीटीदिया जा सकता है। यह एक ऐसा उपचार है जिसमें सामान्य एनेस्थेटिक के प्रभाव में सो रहे व्यक्ति के मस्तिष्क को छोटी-छोटी विद्युत तरंगों से उत्तेजित किया जाता है। किसी व्यक्ति को उनके लक्षणों से राहत पाने में मदद करने के लिए कई हफ्तों तक ईसीटी का कोर्स निर्धारित किया जा सकता है।

कैटेटोनिया के इलाज में ईसीटी बहुत प्रभावी है। कॉलेज के ईसीटी संसाधन को पढ़कर आप ईसीटी के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पोषण की निगरानी

जब किसी व्यक्ति का कैटेटोनिया के लिए इलाज हो रहा होता है, तब उन्हें स्वस्थ रखने के लिए उनके पोषण की निगरानी करने की ज़रूरत पड़ सकती है। ऐसा करने के लिए, डॉक्टर और नर्स उस व्यक्ति के रक्त परीक्षण, मूत्र और सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य की जांच कर सकते हैं।

अगर किसी का कैटेटोनिया के लिए इलाज नहीं हो, तो क्या होता है?

यदि कैटेटोनिया वाले किसी व्यक्ति का उपचार नहीं होता है, तो वे बहुत अस्वस्थ हो सकते हैं। बिना उपचार हुए कैटेटोनिया के निम्नलिखित प्रभाव हो सकते हैं:

  • पानी की कमी
  • कुपोषण
  • दबाव अल्सर
  • संक्रमण
  • खून के थक्के

यदि कैटेटोनिया का इलाज न हो, तो इन प्रभावों से कभी-कभी व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है।

क्या कैटेटोनिया से पीड़ित लोग बेहतर हो जाते हैं?

कैटेटोनिया से पीड़ित लगभग 10 से 8 लोगों के लक्षणों में लोराज़ेपम की एक खुराक के बाद सुधार होता है।

लोराज़ेपम लेना जारी रखने की अवधि के लिए कोई नियम नहीं है, क्योंकि इस दवाई के लिए लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रिया होती है। कभी-कभी किसी व्यक्ति को लोराज़ेपम की सिर्फ़ एक खुराक की आवश्यकता होगी। हालांकि, अधिकांश लोगों को कैटेटोनिया का पूरी तरह से इलाज करने के लिए और अधिक खुराकों की आवश्यकता होगी।

उपचार शुरू होने के बाद, अधिकांश लोगों के कैटेटोनिया में कुछ घंटों या दिनों में सुधार हो जाएगा, लेकिन अन्य लोगों के लिए इसमें कुछ सप्ताह लग सकते हैं।

यह माना जाता है कि मनोविकृति के कारण होने वाले कैटेटोनिया की तुलना में मूड विकारों के कारण होने वाला कैटेटोनिया की इलाज से ठीक होने की ज़्यादा संभावना है। हालांकि, दोनों स्थितियों के कारण होने वाले कैटेटोनिया के उपचार के अच्छे परिणाम हैं।

कैटेटोनिया के अंतर्निहित कारण का इलाज करने के बाद लोराज़ेपम देना अक्सर बंद किया जा सकता है। कुछ मामलों में, लोराज़ेपम बंद होने पर कैटेटोनिया के लक्षण वापस आ सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो उपचार के लंबे कोर्स की आवश्यकता हो सकती है।

लोराज़ेपम का दीर्घकालिक उपयोग अनुशंसित नहीं है और इसे जल्द-से-जल्द बंद कर देना जाना चाहिए। जब लोराज़ेपम बंद करने का समय आए, तो यह धीरे-धीरे किए जाना चाहिए, और लोराज़ेपम को कभी भी अचानक बंद नहीं करना चाहिए।

चाहे किसी व्यक्ति के कैटेटोनिया के लक्षण ठीक हो गए हों, फिर भी अंतर्निहित कारण का इलाज करने के लिए उन्हें अन्य उपचारों की आवश्यकता हो सकती है।। उदाहरण के लिए, यदि उन्हें कोई शारीरिक या मानसिक बीमारी है, तो उन्हें इनसे निपटने के लिए अभी भी उपचार की आवश्यकता हो सकती है।

मैं कैटेटोनिया से पीड़ित व्यक्ति की मदद कैसे कर सकता/सकती हूँ?

यदि आपको लगता है कि आपके मित्र, परिवार के सदस्य या कोई व्यक्ति जिसकी आप देखभाल कर रहे हैं, उन्हें कैटेटोनिया हो सकता है, तो उनके डॉक्टर या नर्स से बात करें या एनएचएस 111 से संपर्क करें।

  • जानकारी देना – कैटेटोनिया से पीड़ित व्यक्ति को उपयोगी जानकारी देने में कठिनाई हो सकती है। नतीजतन, आपको उनके डॉक्टरों और नर्सों के सवालों के जवाब देने पड़ सकते हैं। यह कैटेटोनिया से पीड़ित व्यक्ति को सही निदान और उपचार प्राप्त करने में मदद करेगा।
  • स्थिति के बारे में बताना – कैटेटोनिया से पीड़ित कुछ लोग जानते हैं कि वे एक कैटेटोनिक अवस्था में हैं, और यह उनके लिए भ्रामक और भयावह हो सकता है। उनकी स्थिति के बारे में समझा कर आप उनकी मदद कर सकते हैं।
  • जो हुआ, वह बताना – कैटेटोनिया से पीड़ित कुछ लोग यह याद नहीं रख पाते कि कैटेटोनिक अवस्था में उन्हें कैसा महसूस हुआ था। उस व्यक्ति के कैटेटोनिक अवस्था से उबरने के बाद, आपके द्वारा उस दौरान जो हुआ उसके बारे में बताया जाना उनके लिए उपयोगी हो सकता है और उन्हें आश्वस्त कर सकता है।
  • मुलाकात– यदि आप कैटेटोनिया से पीड़ित व्यक्ति से मिलने जा रहे हैं, तो शांत रहने की कोशिश करें। कैटेटोनिया से पीड़ित लोग अक्सर अपने आस-पास के लोगों को बात करते हुए सुन सकते हैं, भले ही वे ख़ुद बात नहीं कर रहे हों, इसलिए जिस व्यक्ति से आप मिलने जा रहे हैं, उससे बात करना मददगार हो सकता है।
  • खाना– यदि कैटेटोनिया से पीड़ित व्यक्ति खाना नहीं खा रहा, तो उनके लिए वह भोजन लाने की कोशिश करें जिसे वे पसंद करते हैं और जिसे वे सहजता से खाते हैं।

अन्य पाठन सामग्री

यदि आपको कैटेटोनिया है, तो आपका डॉक्टर या नर्स आपके किसी भी प्रश्न का उत्तर देंगे और आपको और अधिक जानकारी दे सकते हैं।

कैटेटोनिया के बारे में आप अधिक जानकारी यहाँ प्राप्त कर सकते हैं:

  • यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन - इस वेब पेज पर चिकित्सकों, रोगियों और देखभाल करने वालों के लिए कैटेटोनिया पर जानकारी है।
  • नेशनल ऑटिस्टिक सोसाइटी - यह जानकारी इस बारे में प्रकाश डालती है कि ऑटिज़्म वाले लोगों को कैटेटोनिया कैसे प्रभावित कर सकता है। इसमें ऑटिज़्म वाले वयस्कों, माता-पिता और देखभाल करने वालों और पेशेवरों के लिए गाइड शामिल हैं।

आभार

यह जानकारी रॉयल कॉलेज ऑफ़ साइक्यैट्रिस्ट्स (Royal College of Psychiatrists) के पब्लिक एंगेजमेंट एडिटोरियल बोर्ड (पीईईबी) द्वारा तैयार की गई थी। यह लेखन के समय उपलब्ध सर्वोत्तम साक्ष्य को दर्शाती है।

विशेषज्ञ लेखक: डॉ एमा सॉल्टर, डॉ हुसाम खलील, डॉ नबील हेलाल

इस संसाधन के लिए पूर्ण संदर्भ अनुरोध पर उपलब्ध हैं।

This translation was produced by CLEAR Global (Feb 2025)

Read more to receive further information regarding a career in psychiatry